पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना के लिए हरियाणा का 747 करोड़ का बजट

शेयर करे

स्कूली बच्चों के पोषण पर सरकार का खास ध्यान

पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना के लिए 747 करोड़ का बजट

चंडीगढ़, 3अप्रैल-हरियाणा सरकार ने स्कूली बच्चों के पोषण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत वर्ष 2026-27 के लिए 747 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति प्रदान की है। राज्य के स्कूली बच्चों को पोषण सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही यह एक प्रमुख योजना है।

मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में आज यहां हुई राज्य स्तरीय संचालन एवं निगरानी समिति (एसएलएसएमसी) की उच्च स्तरीय बैठक में इसकी स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में योजना के वर्तमान क्रियान्वयन, वित्तीय प्रगति तथा आगामी वर्ष की कार्ययोजना की भी व्यापक समीक्षा की गई।

स्वीकृत बजट में केंद्र सरकार का 222 करोड़ रुपये तथा राज्य सरकार का 525 करोड़ रुपये का हिस्सा है।

मुख्य सचिव श्री रस्तोगी ने सभी जिलों में गुणवत्ता, स्वच्छता और पोषण मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि भोजन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को जिला और विद्यालय स्तर पर निगरानी तंत्र को और मजबूत करने के भी निर्देश दिए।