दिल्ली – भारत में ईरान के सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही से होर्मुज स्ट्रेट के पास दो भारतीय झंडे वाले तेल टैंकरों पर हुए हमले के बारे में पूछा गया. इस पर उन्होंने कहा कि इस तरह की किसी घटना की जानकारी नहीं है. हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि भारत और ईरान के रिश्ते बहुत मजबूत हैं और उन्हें उम्मीद है कि अगर कोई समस्या है तो उसे बातचीत से सुलझा लिया जाएगा.
इलाही ने कहा कि ईरान और भारत के बीच लंबे समय से अच्छे संबंध रहे हैं और दोनों देशों के बीच सहयोग लगातार बढ़ता रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि ईरान युद्ध नहीं चाहता, बल्कि शांति चाहता है. उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के बीच हुई बातचीत को सफल बताया और कहा कि दोनों देशों के नेताओं के बीच अच्छी समझ है. उन्होंने यह भी बताया कि भारत और ईरान के रिश्ते हजारों साल पुराने हैं और दोनों देशों के बीच संस्कृति, शिक्षा और सभ्यता का गहरा जुड़ाव रहा है.


