चुनाव से पहले विकास मॉडल के वर्चस्व की जंग: रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच उतरे सीएम सैनी और सुखबीर बादल

शेयर करे

चंडीगढ़ – पंजाब चुनाव से पहले विकास मॉडल की जंग तेज, भगवंत मान से लेकर सुखबीर बादल तक अपने-अपने कार्यकाल की उपलब्धियों के सहारे जनता को साधने में जुटे

पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी मुकाबला अब विकास मॉडल के इर्द-गिर्द सिमटता नजर आ रहा है। प्रदेश की सत्ता हासिल करने के लिए राजनीतिक दल अपने-अपने शासनकाल की उपलब्धियों को जनता के सामने रखकर एक-दूसरे को घेरने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच पहुंच रहे हैं, वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरियाणा मॉडल की उपलब्धियां गिनाकर पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं।

 

दूसरी ओर, शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को अपनी पार्टी की राजनीतिक ताकत और चुनावी आधार बनाने में जुटे हैं। अकाली दल की ओर से प्रकाश सिंह बादल के शासनकाल के दौरान हुए विकास कार्यों को याद दिलाकर जनता के बीच अपनी पुरानी सरकार के कामकाज की तुलना मौजूदा सरकार से करने की कोशिश की जा रही है।

 

ऐसे में पंजाब की राजनीति में विकास के दावों और उपलब्धियों को लेकर एक नई बहस छिड़ती दिखाई दे रही है। आम आदमी पार्टी जहां अपने मौजूदा कार्यकाल को अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि के तौर पर पेश कर रही है, वहीं भाजपा हरियाणा मॉडल के जरिए पंजाब सरकार की नीतियों पर सवाल उठा रही है। अकाली दल अपने पुराने विकास रिकॉर्ड को फिर से जनता के बीच स्थापित करने की कोशिश में है।

कुल मिलाकर, आगामी विधानसभा चुनाव में मुकाबला केवल राजनीतिक दलों और चेहरों के बीच ही नहीं, बल्कि अलग-अलग विकास मॉडलों और शासनकाल की उपलब्धियों के बीच भी होने के आसार हैं। अब देखना होगा कि पंजाब की जनता किसके विकास मॉडल और दावों पर भरोसा जताती है।